बच्ची बलात्कार-हत्या: शिंदे पीड़िता के गांव वालों से मिले, न्याय का भरोसा दिया

Ads

बच्ची बलात्कार-हत्या: शिंदे पीड़िता के गांव वालों से मिले, न्याय का भरोसा दिया

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 06:09 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 06:09 PM IST

मुंबई, पांच मई (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुणे के उस गांव के निवासियों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है जहां पिछले सप्ताह एक चार वर्षीय बच्ची की कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के बाद हत्या कर दी गई थी।

शिंदे ने कहा कि दोषियों को फांसी दिलाने तक राज्य सरकार चैन से नहीं बैठेगी।

शिंदे ने सोमवार को पुणे जिले के पीड़िता के गांव वालों से मुलाकात के दौरान कहा कि पुलिस को आरोपी के खिलाफ पुख्ता मामला बनाने के लिए कहा गया है।

निवासियों ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा जिसमें मामले के आरोपी 65 वर्षीय व्यक्ति के लिए मृत्युदंड की मांग की गई थी। उन्होंने शिंदे को बताया कि आरोपी ने पहले भी दो बार इसी तरह का अपराध किया है।

पुणे जिले की भोर तहसील के तहत आने वाले गांव में एक मई को आरोपी ने बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी। इस घटना को लेकर बड़े पैमाने पर जन आक्रोश और विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को आश्वासन दिया कि सरकार आरोपी के लिए मृत्युदंड सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और कहा कि राज्य सरकार रिकॉर्ड समय में न्याय सुनिश्चित करने के लिए मुकदमे की कार्यवाही में तेजी लाएगी।

शिंदे ने सोमवार को अपने दौरे के दौरान ग्रामीणों को बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस से बात की है जिन्होंने इस अपराध को गंभीरता से लिया है। उन्होंने निवासियों से कहा, ‘‘राज्य सरकार तब तक चुप नहीं बैठेगी जब तक कि दोषी को फांसी नहीं मिल जाती।”

शिंदे ने कहा कि उन्होंने और मुख्यमंत्री ने पुणे के पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि मुकदमे की पुख्ता तैयारी के लिए पर्याप्त सबूत जुटाए जाएं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस को आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज करने को कहा है ताकि उसकी उम्र या मानसिक स्थिति का बहाना बनाकर उसे छोड़ा न जा सके।

मामले में जल्द से जल्द आरोपपत्र दाखिल करने और ऐसे मामलों को संभालने में माहिर सरकारी वकील नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अदालत से प्रतिदिन सुनवाई करने का अनुरोध किया जाएगा।

इस बीच, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार को कानून की परवाह किए बिना आरोपी को ‘खत्म’ कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐसे मामले बार-बार क्यों होते रहते हैं।

भाषा संतोष नरेश

नरेश