असम विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए हब्बी टेरोन होंगे भाजपा के उम्मीदवार

असम विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए हब्बी टेरोन होंगे भाजपा के उम्मीदवार

असम विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए हब्बी टेरोन होंगे भाजपा के उम्मीदवार
Modified Date: June 18, 2026 / 11:59 am IST
Published Date: June 18, 2026 11:59 am IST

गुवाहाटी, 18 जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा विधायक हब्बी टेरोन असम विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

टेरोन वेस्ट कार्बी आंगलोंग जिले के आमरी (अजजा) हिल्स से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक हैं।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि आमरी (अजजा) हिल्स के विधायक डॉ. हब्बी टेरोन, असम विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए हमारे उम्मीदवार होंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रशिक्षण प्राप्त एक चिकित्सा पेशेवर और नव निर्मित आमरी निर्वाचन क्षेत्र से पहले निर्वाचित प्रतिनिधि, डॉ. टेरोन हमारे आदिवासी समुदायों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, और विधायी प्रक्रिया में कार्बी आंगलोंग और दीमा हसाओ की आवाज को और मजबूत करेंगे। मैं डॉ. टेरॉन को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।”

विधानसभा का बजट सत्र छह जुलाई से शुरू हो रहा है।

अनुभवी भाजपा नेता रणजीत कुमार दास को मई में 16वीं विधानसभा के पहले सत्र में 126 सदस्यीय सदन का अध्यक्ष चुना गया था।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 102 सीटों के साथ असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटा। भाजपा ने 82 सीटें जीतीं और उसके गठबंधन सहयोगियों असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 10-10 सीटें मिलीं।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में