आरबीआई के पूर्व कर्मी की हत्या के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार

Ads

आरबीआई के पूर्व कर्मी की हत्या के मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 08:56 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 08:56 PM IST

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 63 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी की हत्या करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आरोपियों ने बुजुर्ग की इसलिए हत्या कर दी थी, क्योंकि पीड़ित ने उन्हें पैसे उधार देने से इनकार कर दिया था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान आजाद उर्फ​ जाजू और उसकी पत्नी रुबीना के रूप में हुई है, जिन्हें नयी दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में हुई इस घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित माधो राम की रविवार शाम को उनके आवास के अंदर कथित तौर पर चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना का खुलासा तब हुआ जब शाम करीब साढ़े पांच बजे पीसीआर को चाकू से गोदे जाने की घटना की जानकारी मिली।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरबीआई के सेवानिवृत्त मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) कर्मचारी माधो राम के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं।

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज किया गया और जांच के लिए कई टीमें गठित की गईं।

अधिकारी ने कहा, ‘तकनीकी निगरानी और निरंतर जांच ने टीम को कम समय में संदिग्धों तक पहुंचने में मदद की, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।’

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पेशे से दर्जी आजाद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पैसे उधार लेने पीड़ित के पास गया था। जब पीड़ित ने पैसे उधार देने से इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच बहस होने लगी, जो इतनी बढ़ गई कि आजाद ने चाकू से वार कर माधो राम की हत्या कर दी।

पूछताछ के दौरान रुबीना ने खुलासा किया कि उसने घटना के बाद सबूत मिटाने के प्रयास में आजाद के खून से सने कपड़े धोए थे।

अधिकारी ने बताया, ‘आजाद दर्जी का काम करता है और अपनी पत्नी के साथ नयी दिल्ली के गोल मार्केट इलाके में रहता है।’

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष