परतवाड़ा अश्लील वीडियो मामला: नाबालिग पीड़िता का पीछा करने के आरोप में दूसरे आरोपी पर मामला दर्ज

Ads

परतवाड़ा अश्लील वीडियो मामला: नाबालिग पीड़िता का पीछा करने के आरोप में दूसरे आरोपी पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 10:38 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 10:38 PM IST

अमरावती, 20 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती जिले में यौन शोषण और अश्लील वीडियो प्रसारित करने के मामले की जांच कर रही पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता (16) के परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने हाल ही में पीड़िता से संपर्क किया था। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके चलते अमरावती जिले के परतवाड़ा से मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद (19) और अब तक सात अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दूसरे आरोपी, जिसकी पहचान उजैर खान इकबाल खान (20) के रूप में हुई है, का परतवाड़ा की एक 16 वर्षीय लड़की से संपर्क था। चेतावनी के बावजूद, वह पीड़िता से मोबाइल फोन के जरिए बातचीत करता रहा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की मां द्वारा 19 अप्रैल को परतवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 के तहत पीछा करने और पॉक्सो अधिनियम की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इससे पहले, मुख्य आरोपी के मोबाइल फोन की जब्ती से पीड़िताओं के आठ वीडियो और 39 तस्वीरें मिलीं। आगे की जांच में पता चला कि ये वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए थे।

दस पुलिस अधिकारियों और 36 कर्मियों वाली एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) मामले की जांच कर रही है।

जांच के दौरान, 15 वर्षीय पीड़िता आरोपी के खिलाफ गवाही देने के लिए आगे आई और पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर लिया।

पुलिस ने बताया था कि इस बयान को मुख्य मामले की जांच से जोड़ा गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से जब्त किए गए पांच मोबाइल फोन तकनीकी विश्लेषण के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला को भेजे गए हैं।

इसके अलावा, छह मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, पेन ड्राइव और हार्ड डिस्क भी ज़ब्त किए गए हैं और उनकी जांच की जा रही है।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप