उत्तराखंड: काठगोदाम में बस ने पांच वर्षीय बच्ची को टक्कर मारी, मौत

Ads

उत्तराखंड: काठगोदाम में बस ने पांच वर्षीय बच्ची को टक्कर मारी, मौत

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 10:14 PM IST

हल्द्वानी, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सोमवार को एक बस ने पांच वर्षीय एक बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस पर पथराव कर वाहन के शीशे तोड़ दिए।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा काठगोदाम क्षेत्र में भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास उस समय हुआ, जब अपनी दो अन्य साथियों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र से लौट रही कनक को उत्तराखंड रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कनक के साथ मौजूद दो अन्य बच्चे सुरक्षित बच गए।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब बस ने कनक को टक्कर मारी, उस समय वह सड़क पार करने के लिए किनारे पर खड़ी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि टक्कर के बाद भी बस चालक ने वाहन नहीं रोका और कनक को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बस पर पथराव कर वाहन के शीशे तोड़ दिए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

काठगोदाम क्षेत्र के थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है लेकिन प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बस चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ।

उन्होंने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया।

भाषा सं दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र