ईसी को 700 से अधिक नागरिकों ने लिखा पत्र, प्रधानमंत्री पर आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप

Ads

ईसी को 700 से अधिक नागरिकों ने लिखा पत्र, प्रधानमंत्री पर आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 10:28 PM IST

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) पूर्व नौकरशाहों, शिक्षाविदों, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों सहित 700 से अधिक नागरिकों ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 18 अप्रैल का राष्ट्र के नाम संबोधन आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन है तथा उन्होंने जांच के अलावा सुधारात्मक उपाय की मांग की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित एक शिकायत में, हस्ताक्षरकर्ताओं ने दावा किया कि दूरदर्शन, संसद टीवी और आकाशवाणी जैसे आधिकारिक प्लेटफार्म पर प्रसारित यह संबोधन, आदर्श आचार संहिता अवधि के दौरान ‘‘चुनाव प्रचार’’ के समान था।

वर्तमान में असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में आदर्श आचार संहिता लागू है।

असम,केरल और पुडुचेरी में नौ अप्रैल को मतदान हुआ था, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को तथा पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है। मतगणना 4 मई को होगी।

शिकायत में कहा गया कि इस तरह के संबोधन के लिए सरकार के वित्त पोषण वाली मीडिया का उपयोग सत्तारूढ़ पार्टी को ‘‘अनुचित लाभ’’ देता है तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए आवश्यक समान अवसर को कमतर करता है।

शिकायतकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि मंत्रियों पर आधिकारिक कार्यों को चुनाव प्रचार से जोड़ने और सरकारी तंत्र का इस्तेमाल पक्षपातपूर्ण उद्देश्यों के लिए करने की पाबंदी है।

पत्र में निर्वाचन आयोग से इस मामले का संज्ञान लेने, संबोधन की विषयवस्तु और तौर-तरीके की जांच करने और उचित कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया गया। इसमें यह भी मांग की गई कि यदि प्रसारण के लिए पूर्व अनुमति प्राप्त थी तो अन्य राजनीतिक दलों को भी सार्वजनिक प्रसारकों पर समान समय आवंटित किया जाए।

हस्ताक्षरकर्ताओं में दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, राजनीतिक अर्थशास्त्री पी. प्रभाकर, कार्यकर्ता योगेन्द्र यादव, अर्थशास्त्री जयति घोष, संगीतकार-लेखक टी एम कृष्णा, पूर्व केंद्रीय सचिव ई ए एस शर्मा, कार्यकर्ता हर्ष मंदर, पत्रकार पी. गुहा ठाकुरता, शिक्षाविद जोया हसन और पूर्व राजदूत मधु भादुड़ी शामिल हैं।

अन्य लोगों में पारदर्शिता कार्यकर्ता अंजली भारद्वाज, पूर्व सिविल सेवक आशीष जोशी, अमिताभ पांडे और ए. शुक्ला, पत्रकार जॉन दयाल और विद्या सुब्रमण्यम और भाकपा नेता एनी राजा के साथ-साथ कई शिक्षाविद, वकील और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।

हस्ताक्षरकर्ताओं ने कहा कि आयोग को ‘‘चुनावी प्रक्रिया की शुचिता को बनाए रखने’’ के लिए शीघ्रता से कार्रवाई करनी चाहिए।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप