जयपुर, 21 जुलाई (भाषा) राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में हनुमानगढ़ रोड बाइपास पर कालूवाला चक के पास सोमवार देर रात एक ‘ट्रोले’ (मालवाहक वाहन) ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उसपर सवार एक दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सदर थाने के प्रभारी सुभाषचंद्र ढिल ने बताया कि हादसे के बाद ट्रोला चालक वाहन लेकर फरार हो गया तथा उसकी पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जांच अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि 15 एमएल कालूवाला चक निवासी 39 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी दलजीत कौर अस्पताल में बीमार रिश्तेदार के साथ मौजूद अन्य रिश्तेदारों के लिए खाना लेकर पहुंचे थे तथा वहां से दोनों मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि कालूवाला-साधुवाली रोड के बीच फ्लाईओवर पार करते समय पंजाब की ओर से आ रहे एक ‘ट्रोले’ ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
कुमार के अनुसार राहगीरों ने दोनों को घायलावस्था में तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी।
पुलिस के अनुसार, मृतक कुलदीप सिंह खेती-बाड़ी का कार्य करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। कुलदीप के पिता जोगेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ट्रोला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार