हैदराबाद पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाभोड़ किया, 104 लोग पकड़े गए

हैदराबाद पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाभोड़ किया, 104 लोग पकड़े गए

हैदराबाद पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाभोड़ किया, 104 लोग पकड़े गए
Modified Date: February 24, 2026 / 04:25 pm IST
Published Date: February 24, 2026 4:25 pm IST

हैदराबाद, 24 फरवरी (भाषा) हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को देश भर में साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 16 राज्यों से 104 लोगों को गिरफ्तार किया है।

हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी. सी. सज्जनार ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इन लोगों को ‘ऑपरेशन ऑक्टोपस’ के तहत पकड़ा गया है तथा ये सभी देश भर में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के 1,055 मामलों से जुड़े हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, इन मामलों में लगभग 127 करोड़ रुपये की कुल धोखाधड़ी राशि शामिल है।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोगों में 86 ‘म्यूल’ खाताधारक (जिनके खातों का इस्तेमाल पैसों के लेन-देन के लिए हुआ) और 17 खातों का इंतजाम करने वाले बिचौलिये शामिल हैं। ये बिचौलिये खाते प्राप्त करने और धोखाधड़ी का पैसा मुख्य आरोपियों तक पहुंचाने का काम करते थे। इनके अलावा, एक निजी बैंक के एक प्रबंधक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने जालसाजों की मदद की थी।

हाल के दिनों में निवेश के नाम पर ठगी, ट्रेडिंग धोखाधड़ी और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे मामलों में तेजी आई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए 32 विशेष टीमें गठित की गईं और 10 दिनों की अवधि में 16 राज्यों में एक साथ छापेमारी कर इस अभियान को अंजाम दिया गया।

इन टीमों को महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, आंध्र प्रदेश, असम, मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और ओडिशा में स्थित साइबर अपराध के हॉटस्पॉट (प्रमुख केंद्रों) पर एक साथ तैनात किया गया था।

पुलिस ने इनके पास से 204 मोबाइल फोन, 141 सिम कार्ड, 152 बैंक पासबुक, 234 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 26 लैपटॉप, 56 मुहरें और 36 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन ऑक्टोपस’ एक निरंतर चलने वाली पहल है और इन सिंडिकेट के शीर्ष स्तर के लोगों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में