शिव मंदिर में ‘नशीला पदार्थ’ चढ़ाते हुए रील बनाने पर हैदराबाद पुलिस ने चेतावनी दी

Ads

शिव मंदिर में 'नशीला पदार्थ' चढ़ाते हुए रील बनाने पर हैदराबाद पुलिस ने चेतावनी दी

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 02:58 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 02:58 PM IST

हैदराबाद, 17 फरवरी (भाषा) हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी. सी. सज्जनार ने मंगलवार को युवाओं को सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ पाने के लिए आपत्तिजनक कृत्य के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी।

यह चेतावनी एक वायरल वीडियो के बाद आई है, जिसमें दो युवक महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की मूर्ति को कथित तौर पर नशीला पदार्थ चढ़ाते हुए दिख रहे हैं।

वीडियो को लेकर जनता की नाराजगी के बाद, आयुक्त ने इस तरह के कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

यहां शमशाबाद इलाके में रविवार को एक शिव मंदिर के पास रिकॉर्ड की गई इस रील में दोनों युवकों को यह कहते सुना जा सकता है कि वे भगवान शिव को प्रसाद चढ़ाने आए हैं।

वीडियो में दोनों युवकों को कहते हुए सुना जा सकता है कि आमतौर पर श्रद्धालु प्रसाद के रूप में नारियल चढ़ाते हैं, वे कुछ अलग कर रहे हैं।

युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर यह रील पोस्ट किए जाने के बाद लोगों ने उनके खिलाफ कार्यवाई की मांग की।

रील का संज्ञान लेते हुए सज्जनार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पूछा, ‘क्या आप सिर्फ प्रसिद्ध होने के लिए किसी भी हद तक जाएंगे?’

उन्होंने कहा, ‘महाशिवरात्रि भक्ति का प्रतीक और मुक्ति का मार्ग है…। ऐसे पवित्र अवसर पर प्रसाद चढ़ाने के नाम पर नशीले पदार्थों का प्रदर्शन करना अत्यंत अपमानजनक और विकृत व्यवहार है।’

सज्जनार ने इसे गंभीर अपराध करार देते हुए कहा कि एक बार स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धाराएं लगने के बाद ‘आपको जीवन भर पछताना पड़ सकता है।’

उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे ‘लाइक और व्यूज’ के क्षणिक आनंद के लिए अपने सुनहरे भविष्य की बलि न दें।

इस बीच, सूत्रों ने बताया कि हैदराबाद पुलिस की मादक पदार्थ रोधी इकाई इस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

प्रचेता अविनाश

अविनाश