हमीरपुर, 17 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोटा कस्बे में मंगलवार सुबह एक दुकान के भीतर एलपीजी सिलेंडर फटने से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुरूषोत्तम चंद सुबह करीब पांच बजे अपनी मिठाई की दुकान खोलने पहुंचे। शटर के पास पहुंचकर उन्होंने देखा कि अंदर से आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने शटर खोलने की कोशिश की, लेकिन शटर के गर्म होने के कारण उसे खोलना मुश्किल हो रहा था।
शोर सुनकर पास में किराना की दुकान चलाने वाले कमलेश कुमार और दूध आपूर्तिकर्ता राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। तीनों ने मिलकर शटर उठाने का प्रयास किया, तभी दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा।
आग की चपेट में आने से तीनों झुलस गए। पुरूषोत्तम चंद लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस गए। कमलेश और राकेश भी इस हादसे में घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुरुषोत्तम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर स्थित एम्स भेज दिया गया।
इस घटना में दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश