राजस्थान : गौ हत्या के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, कार्यवाही कई बार स्थगित

Ads

राजस्थान : गौ हत्या के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, कार्यवाही कई बार स्थगित

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 02:57 PM IST

जयपुर, 17 फरवरी (भाषा) गाय को राज्य माता का दर्जा दिए जाने व गौ हत्या के मुद्दे पर मंगलवार को राजस्थान विधानसभा में हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।

प्रश्नकाल के दौरान भाजपा के विधायक बालमुकुन्दाचार्य ने प्रश्न किया कि क्या राज्य सरकार गाय को राज्य माता का दर्जा देने का विचार रखती है? इस पर गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा, ‘‘ गो संवर्धन व गोमाता की सेवा के लिए सरकार पूरी तरह से समर्पित है। इनका प्रश्न है कि गाय को राज्य माता का दर्जा देने का सरकार विचार रखती है …वर्तमान में ऐसा कोई प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।’

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कि गो हत्या रोकने के लिए कानून पहले से ही बना हुआ है।

वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूछा, ‘‘ सरकार स्पष्ट नहीं कर पा रही है कि वह गाय को गौ माता का दर्जा देगी या नहीं देगी।’

उन्होंने कहा, ‘‘गो हत्याएं हो रही हैं लगातार। पिछले सप्ताह जयपुर में गो हत्या हुई। हिंगोनिया गोशाला में भी ऐसी ही घटना हुई और इस मामले में भाजपा के किसी कार्यकर्ता का नाम है। पार्टी के विधायक उसे छुड़वाने का काम कर रहे हैं। इस पर सरकार क्या रुख है। दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी।’’

इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। भारतीय जनता पार्टी के विधायक गोपाल शर्मा आसन की बिना अनुमति लिए, खड़े होकर जोर-जोर से बोलने लगे। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उन्हें बैठने के लिए कहा। जब वह नहीं माने तो उन्होंने मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग से शर्मा को बैठाने को कहा।

वहीं कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सत्तारूढ़ भाजपा के कुछ विधायक भी बोलने लगे। कांग्रेस के कुछ विधायकों ने पोस्टर दिखाने की कोशिश की तो देवनानी ने नाराजगी जताते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया। हंगामा बढ़ता देख अध्यक्ष ने 11 बजकर 41 मिनट पर सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया।

सदन में जब शून्यकाल की कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस के सदस्य आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे। सभापति संदीप शर्मा ने आधे घंटे लिए सदन की कार्यवाही को फिर स्थगित कर दिया। कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी व हंगामा, कार्यवाही शुरू होने पर भी जारी रहा। सभापति अर्जुनलाल जीनगर ने कार्यवाही एक बार फिर आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।

भोजनावकाश के बाद हंगामा जारी रहने पर कार्यवाही पहले ढाई बजे व बाद में पांच बजे तक के लिए स्थगित की गई।

गतिरोध समाप्त करने के लिए, सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ के विधायक, अध्यक्ष देवनानी से उनके कक्ष में मिले। कांग्रेस के विधायकों ने भाजपा विधायक गोपाल शर्मा के बर्ताव पर एतराज जताया जो मुद्दा उठाते हुए विपक्ष की सीटों की तरफ पहुंच गए थे।

भाषा पृथ्वी मनीषा

मनीषा