मैं जुबिन गर्ग मामले पर सिर्फ ‘फेसबुक लाइव’ के जरिए ही बात करूंगा: हिमंत
मैं जुबिन गर्ग मामले पर सिर्फ ‘फेसबुक लाइव’ के जरिए ही बात करूंगा: हिमंत
विश्वनाथ चरियाली (असम), चार अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि वह गायक जुबिन गर्ग की मौत से जुड़ी जांच से संबंधित सभी जानकारी केवल ‘फेसबुक लाइव’ के माध्यम से देंगे ताकि गलतफहमी से बचा जा सके।
यहां एक आधिकारिक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विभिन्न मीडिया संस्थान प्रेस वार्ता के चुनिंदा हिस्से को अपने-अपने लक्षित दर्शकों के अनुसार दिखाते हैं और इससे जनता में भ्रम पैदा होता है।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि गर्ग की मौत और जांच के बारे में कुछ कहना है तो मैं ‘फेसबुक लाइव’ पर ही कहूंगा। राज्य के इस माहौल में जनता से संवाद भी सीधा होना चाहिए।’’
शर्मा ने कहा, ‘‘जब मैं मीडिया को संबोधित करता हूं तो अक्सर चुनिंदा अंश काट या हटा दिए जाते हैं। इससे जनता में अनावश्यक तनाव पैदा हो सकता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पत्रकारों के सभी प्रश्नों को सुनेंगे, लेकिन उत्तर केवल सोशल मीडिया मंच पर ही दिए जाएंगे ताकि लोग इसे असंपादित प्रारूप में देख सकें।
शर्मा ने शुक्रवार को ‘फेसबुक लाइव’ प्रसारण के माध्यम से जुबिन की मौत की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग के गठन की घोषणा की।
शाम को गुवाहाटी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शर्मा, जुबिन गर्ग की पत्नी गरिमा से मिलने काहिलीपाड़ा स्थित उनके आवास पर गए।
इससे पूर्व दिन में, जुबिन की पत्नी ने दिवंगत गायक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पुलिस को लौटाते हुए कहा कि यह उनका (गरिमा का) ‘‘निजी दस्तावेज’’ नहीं है और जांचकर्ता ही बेहतर तय कर पाएंगे कि इसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए या नहीं।
जुबिन की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह श्यामकानु महंत और उनकी कंपनी की ओर से आयोजित चौथे पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए सिंगापुर गए थे।
सीआईडी का नौ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) सिंगापुर में हुई जुबिन की मौत के मामले की जांच कर रहा है।
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष

Facebook


