टीएमसी कार्यकर्ताओं को मंझधार में नहीं छोड़ूंगी : धरने के दौरान बोलीं ममता
टीएमसी कार्यकर्ताओं को मंझधार में नहीं छोड़ूंगी : धरने के दौरान बोलीं ममता
(तस्वीर सहित)
कोलकाता, दो जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने हाल में राज्य विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं पर कथित तौर पर हुए हमलों के विरोध में मंगलवार को मध्य कोलकाता में धरना दिया।
बनर्जी ने इस बात पर जोर दिया कि वह हाल के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंझधार में नहीं छोड़ेंगी।
बनर्जी ने एस्प्लेनेड वाई-चैनल पर अपने दिन भर के धरने में तृणमूल समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विरोधी पार्टियां जल्द ही देशव्यापी विरोध कार्यक्रम तैयार करेंगी।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने अगले सप्ताह होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘बहुत जल्द, भाजपा विरोधी सभी पार्टियां दिल्ली में बैठक करेंगी। कुछ दिनों का इंतजार कीजिए और हम जल्द ही विपक्ष की देशव्यापी कार्ययोजना की घोषणा करेंगे।’’
कोलकाता पुलिस द्वारा तृणमूल कांग्रेस को रानी रश्मोनी रोड पर धरना आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार किए जाने के बाद ममता बनर्जी एस्प्लेनेड के वाई-चैनल स्थित धरना स्थल पर पहुंचीं।
भीड़ को मेगाफोन के माध्यम से संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया, ‘‘हमें मंच स्थापित करने और माइक्रोफोन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी गई।’’
धरना-प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला और पूर्व मुख्यमंत्री के भाषण के बीच तृणमूल कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे।
बनर्जी के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम, मदन मित्रा, डेरेक ओ’ब्रायन, कल्याण बनर्जी और डोला सेन नजर आयीं, जबकि तृणमूल के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतकर आए अधिकांश नए चेहरे कार्यक्रम से नदारद रहे।
हालांकि, पार्टी प्रमुख बनर्जी ने कहा कि शनिवार को उनके भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले, चुनाव के बाद कथित हिंसा और फेरीवालों को बेदखल करने के विरोध में धरना कार्यक्रम के अनुसार शाम तक जारी रहेगा।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप

Facebook


