निपाह मामले की पुष्टि होने के बाद आईसीएमआर का दल कोझिकोड पहुंचा, संपर्क सूची 100 तक पहुंची

Ads

निपाह मामले की पुष्टि होने के बाद आईसीएमआर का दल कोझिकोड पहुंचा, संपर्क सूची 100 तक पहुंची

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 08:28 PM IST

कोझिकोड (केरल), 13 जून (भाषा) राज्य के कोझिकोड में निपाह वायरस का मामला सामने आने के बाद शनिवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की एक टीम यहां पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि मरीज के तीन करीबी रिश्तेदारों की जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।

सरकार की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आईसीएमआर की टीम ने राजस्व मंत्री ए.पी. अनिल कुमार से बातचीत की, जो जिले के प्रभारी भी हैं।

टीम ने उस मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया जहां मरीज भर्ती है और चल रहे बचाव कार्यों की समीक्षा की।

चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने निपाह वायरस के मामले और विषाणु को और फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में चिकित्सकों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत भी की।

अधिकारियों ने बताया कि टीम के कुछ दिनों तक जिले में रहने की उम्मीद है।

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के विशेषज्ञ भी जिले का दौरा करेंगे।

मंत्री अनिल कुमार ने इससे पहले दिन में निपाह की स्थिति पर समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मरीज और उसके संपर्क में आए लोगों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करें।

यह बैठक जिला कलेक्टर एम.एस. माधवीकुट्टी के कक्ष में हुई।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री ने मरीज और उनके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी मांगी और अधिकारियों को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निपाह के पिछले प्रकोप के दौरान अपनाए गए एहतियाती उपायों को जारी रखा जाए।

जिला कलेक्टर ने बैठक में जानकारी दी कि प्रोटोकॉल के अनुसार सभी उपायों को सख्ती से लागू किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मरीज की संपर्क सूची में शामिल तीन रिश्तेदारों की, जिन्हें 12 जून को निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के एक बयान में कहा गया है कि शनिवार को संपर्क सूची में शामिल चार और लोगों को निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 13 और लोगों का नाम संपर्क सूची में जोड़ा गया।

सभी 13 लोगों को कम-जोखिम वाले संपर्क के तौर पर वर्गीकृत किया गया है।

बयान में कहा गया है कि नए लोगों के जुड़ने के बाद अब संपर्क सूची में 100 लोग शामिल हैं, जिनमें चार लोग बेहद उच्च जोखिम वाली श्रेणी में, 14 लोग उच्च जोखिम वाली श्रेणी में और 82 लोग कम जोखिम वाली श्रेणी में हैं।

स्वास्थ्य कर्मियों ने रमनट्टुकरा नगरपालिका के डिवीजन 5 में, जहां संक्रमण की सूचना मिली थी, 35 और घरों में सर्वे किया। बयान में कहा गया है कि इसके साथ ही डिवीज़न के सभी 320 घरों का दौरा पूरा हो गया है।

मुरलीधरन ने कहा कि मरीज को अभी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

भाषा प्रशांत संतोष

संतोष