आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाला: सीबीआई ने चंडीगढ़ और लुधियाना में छापेमारी

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाला: सीबीआई ने चंडीगढ़ और लुधियाना में छापेमारी

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाला: सीबीआई ने चंडीगढ़ और लुधियाना में छापेमारी
Modified Date: July 23, 2026 / 11:27 am IST
Published Date: July 23, 2026 11:27 am IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम चंडीगढ़ के खातों से कथित तौर पर 657 करोड़ रुपये के गबन के मामले में चंडीगढ़ और लुधियाना में कई स्थानों पर छापेमारी की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘ संदिग्ध लाभार्थियों के आवासों और कारोबारी प्रतिष्ठानों सहित पांच स्थानों पर छापेमारी की गई। ये लाभार्थी नगर निगम चंडीगढ़ और चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (सीएससीएल) के खातों से कथित रूप से गबन की गई राशि से जुड़े बताए जा रहे हैं। सीएससीएल से जुड़े अनुभव मिश्रा तथा जांच के दायरे में शामिल निजी इकाइयों से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की गई।

सीबीआई ने बताया कि छापेमारी के दौरान दोषसिद्धि साबित करने वाले दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गईं।

हरियाणा सरकार के अनुरोध के बाद इस मामले की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से सीबीआई को सौंप दी गई थी।

यह मामला आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की सेक्टर-32 (चंडीगढ़) स्थित शाखा से जुड़ा है।

सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा कि इन अवैध लेनदेन से हरियाणा सरकार को 504 करोड़ रुपये और चंडीगढ़ प्रशासन को 153 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

सीबीआई इस कथित धोखाधड़ी से जुड़े कई मामलों में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को गिरफ्तार भी किया गया है।

भाषा तान्या निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में