कांग्रेस सत्ता में आई, तो वह असम में घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी: प्रधानमंत्री मोदी

Ads

कांग्रेस सत्ता में आई, तो वह असम में घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी: प्रधानमंत्री मोदी

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 03:28 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 03:28 PM IST

(तस्वीरों के साथ जारी)

गोगामुख (असम), एक अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी ऐसा होने नहीं देंगे।

मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य ‘‘बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक में बदलना और घुसपैठियों का एक स्थायी वोट बैंक बनाना’’ है।

उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने ‘‘केंद्र में नया कानून लाने की कोशिश की थी’’ लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने उसका विरोध किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता खुलेआम कह रहे हैं कि वे घुसपैठियों की रक्षा के लिए असम में नया कानून लाएंगे और वे उनका खुलकर समर्थन कर रहे हैं।’’

उन्होंने कांग्रेस पर देश को ‘‘उसी तरह बांटने’’ का आरोप लगाया जैसा ‘‘विभाजन के दौरान मुस्लिम लीग ने किया’’ था।

मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान को भी आघात पहुंचाया है।’’

प्रधानमंत्री ने गांधी परिवार और कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई के परिवार की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस के लिए दो परिवार हैं- एक दिल्ली में एवं दूसरा असम में और उनकी प्राथमिकता लोगों का हित नहीं, बल्कि अपने परिवारों का हित है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा फिर सत्ता में आई तो वह ‘‘असम की पहचान की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू करेगी और छठी अनुसूची के तहत जनजातीय समुदायों की सुरक्षा करेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के 10 साल के शासन ने असम में ‘सेवा’ और ‘सुशासन’ के नए दौर की शुरुआत की है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी लोग कह रहे हैं कि केवल भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ही असम में आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार कर सकता है।

मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस ने 60-65 वर्ष में ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल तीन पुल बनाए जबकि ‘‘भाजपा ने 10 वर्ष में पांच पुल बनाए हैं जिससे लोगों का जीवन और उनके लिए आजीविका कमाना बहुत आसान हुआ है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि असम में संसाधनों की कमी है लेकिन कांग्रेस ने सत्ता की अपनी चाह में असमिया समाज को बांटा और ब्रह्मपुत्र नदी के दोनों तटों के लोगों को मिलने नहीं दिया। राजग सरकार ने उनके दर्द एवं मुश्किलों को समझा और पुल बनाने की पहल की।’’

उन्होंने लोगों को यह भरोसा भी दिलाया कि सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना असम को बाढ़ से बचाएगी।

मोदी ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में असम को बाढ़ से मुक्त बनाने के लिए करीब 1,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन के पिछले 10 वर्ष में 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी 15 लाख और परिवारों को ऐसे मकान देने की गारंटी देती है।

मोदी ने कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार सुनिश्चित करेगी कि ‘लखपति’ महिलाओं की संख्या तीन लाख से बढ़ाकर 40 लाख की जाए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के घोषणापत्र ने अधिक सरकारी नौकरियों और स्वरोजगार के अवसरों के लिए एक रूपरेखा तैयार की है।

उन्होंने लोगों से विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग के पक्ष में मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘मोदी की गारंटी है कि वह असम की प्रगति को और आगे बढ़ाएंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा लोगों के आशीर्वाद से असम चुनाव में ‘हैट्रिक’ लगाएगी, जबकि कांग्रेस चुनावों में हार का शतक लगाएगी।’’

असम की 126 विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा और मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाषा

सिम्मी पवनेश

पवनेश