नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितता और प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे का उल्लेख करते हुए सोमवार को दावा किया कि युवाओं को ‘जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।’
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और प्रश्नपत्र लीक जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान प्रयागराज में पहुंचेगा, जहां आठ अगस्त को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।’’
उन्होंने कहा कि कोटा और देहरादून के बाद अब ‘छात्रों की गूंज’ अभियान आठ अगस्त को प्रयागराज पहुंचेगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रयागराज ऐसा शहर है जहां लाखों युवा वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, आवेदन भरते हैं, शुल्क जमा करते हैं और नौकरियों का इंतजार करते रहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने युवाओं का वर्तमान और लंबित भर्तियों ने उनका भविष्य प्रभावित किया है।
गांधी ने दावा किया कि हाल में दिल्ली में अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज उठाती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
भाषा हक हक नरेश
नरेश