आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड अभ्यर्थियों का डेटा सार्वजनिक होने के दावे के बाद गड़बड़ी की बात मानी

आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड अभ्यर्थियों का डेटा सार्वजनिक होने के दावे के बाद गड़बड़ी की बात मानी

आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड अभ्यर्थियों का डेटा सार्वजनिक होने के दावे के बाद गड़बड़ी की बात मानी
Modified Date: June 3, 2026 / 05:50 pm IST
Published Date: June 3, 2026 5:50 pm IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-रुड़की ने खुद को साइबर सुरक्षा शोधकर्ता बताने वाले एक नाबालिग के दावे के बाद पुष्टि की है कि जेईई (एडवांस्ड) 2026 के परिणाम पोर्टल में ‘क्लाउड स्टोरेज कॉन्फिगरेशन’ से जुड़ी एक तकनीकी समस्या थी।

इससे पहले रिनिल अनिल (16) ने ‘एक्स’ पर दावा किया था कि परिणाम पोर्टल का ‘पब्लिक क्लाउड स्टोरेज एंडपॉइंट’ प्रमाणीकरण के बिना सुलभ था, जिससे बड़ी मात्रा में अभ्यर्थियों का डेटा सार्वजनिक हो गया।

संस्थान ने मंगलवार रात कहा कि संग्रहीत डेटा ‘रीड-ओनली’ (केवल पढ़ने योग्य) मोड में था, इसलिए रिकॉर्ड में किसी प्रकार के बदलाव की कोई संभावना नहीं है।

संस्थान ने कहा कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है।

उपयोगकर्ता ने आरोप लगाया था कि लगभग 1.79 लाख परिणाम रिकॉर्ड और 1.87 लाख प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) पीडीएफ सुलभ थी, साथ ही नाम, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर जैसी व्यक्तिगत जानकारियां भी उपलब्ध थीं।

अनिल ने ‘एक्स’ पर कहा था, “जेईई एडवांस्ड 2026 के अभ्यर्थी/परिणाम व्यवस्था में पब्लिक क्लाउड स्टोरेज कॉन्फिगरेशन संबंधी गड़बड़ी थी, जिससे बिना किसी प्रमाणीकरण के बड़ी मात्रा में अभ्यर्थियों का डेटा सार्वजनिक हो गया। इससे लगभग 1,79,600 परिणाम रिकॉर्ड और लगभग 1,87,300 एडमिट कार्ड पीडीएफ सार्वजनिक हुए, जिनमें अभ्यर्थियों के नाम, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर शामिल थे।”

दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए आईआईटी रुड़की ने कहा, “क्लाउड स्टोरेज डिवाइस में कॉन्फिगरेशन संबंधी समस्या की ओर ध्यान दिलाने के लिए रिनिल अनिल आपका धन्यवाद। इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। संग्रहीत डेटा केवल पढ़ने योग्य (रीड-ओनली) था और इसलिए उसमें किसी भी प्रकार के परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है। हम आपके जिम्मेदार और नैतिक व्यवहार की सराहना करते हैं।”

हाल के समय में राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख परीक्षा प्रणालियों में तकनीकी और संचालन संबंधी समस्याओं के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है। इससे पहले सीयूईटी-यूजी, नीट-यूजी और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबंधित कुछ प्रक्रियाओं में तकनीकी गड़बड़ियों, सर्वर संबंधी व्यवधानों तथा आवेदन, मूल्यांकन व परिणाम प्रसंस्करण प्रणालियों में समस्या की शिकायतें सामने आई हैं।

जेईई (एडवांस्ड) परीक्षा के जरिये देशभर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों तथा कई अन्य प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रम में दाखिला मिलता है।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा (एडवांस्ड) 2026 के परिणाम एक जून को घोषित किए गए थे, जिनमें 56,880 अभ्यर्थी योग्य घोषित हुए।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में