आईआईटी छात्र आत्महत्या मामला : अभाविप ने ‘सच्चाई का पता लगाने’ के लिए गहन जांच की मांग की
आईआईटी छात्र आत्महत्या मामला : अभाविप ने ‘सच्चाई का पता लगाने’ के लिए गहन जांच की मांग की
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने बुधवार को आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या की गहन जांच की मांग की और कहा कि जांच के बाद जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ विस्तृत बातचीत में कहा कि मामले को पूरी तरह समझे बिना और सच्चाई का पता लगाए बिना किसी के खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं होगा।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र 22 वर्षीय साहिल वाकोडे को 18 सितंबर की शाम पवई परिसर स्थित छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था। यह घटना ‘मिड-सेमेस्टर’ परीक्षा के दौरान उसे चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद हुई।
एक सवाल के जवाब में सोलंकी ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता पहले से ही इस मामले में सक्रिय हैं और उन्होंने जांच की मांग की है।
सोलंकी ने कहा, ‘‘हमारे कार्यकर्ता इस मामले में पहले से ही सक्रिय हैं। हमने जांच की मांग की है। मामले को विस्तार से समझे बिना और सच्चाई का पता लगाए बिना कोई कार्रवाई करना उचित नहीं होगा। इसलिए हमने पूरी जांच की मांग की है।’’
उन्होंने कहा, “जांच पूरी होने के बाद जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’’
छात्र की आत्महत्या के बाद शुक्रवार को आईआईटी मुंबई के परिसर में विरोध-प्रदर्शन हुए थे।
साहिल के माता-पिता ने आईआईटी मुंबई के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे और प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। छात्रों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद डूला को प्रशासनिक मामलों के डीन पद से हटा दिया गया है। उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जातिगत भेदभाव के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
वाकोडे के माता-पिता ने सभी साक्ष्यों की गहन जांच करने और अपने बेटे की कथित आत्महत्या के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


