नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) दक्षिण दिल्ली के राजपुर खुर्द में पुलिस ने बुधवार को एक अवैध एलपीजी सिलेंडर भंडारण इकाई का भंडाफोड़ किया जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और 223 सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी हितेश राठी (38) और अरविंद कुमार (40) कथित तौर पर वैध लाइसेंस या प्राधिकरण के बिना इस सुविधा का संचालन कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि विशिष्ट सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को राजपुर खुर्द गांव में एक प्लॉट पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उन्हें 223 इंडेन एलपीजी सिलेंडर मिले, जिनमें 16 भरे हुए और 45 खाली घरेलू सिलेंडर और 162 खाली व्यावसायिक सिलेंडर शामिल थे।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और आठ सुरक्षा कैप भी जब्त की गईं।
पुलिस ने बताया कि परिसर का इस्तेमाल अवैध भंडारण सुविधा के रूप में किया जा रहा था, और यह भी कहा कि उचित सुरक्षा उपायों के बिना इतनी बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण आसपास के निवासियों के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सिलेंडरों को रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने में विफल रहे।
पुलिस ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों और इंडेन गैस के प्रतिनिधियों को जब्त किए गए एलपीजी सिलेंडरों की जांच और गिनती के लिए बुलाया गया था।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मैदान गढ़ी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश