सुलतानपुर (उप्र), 18 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में प्रधान डाकघर परिसर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराकर खोजी कुत्तों व बम निरोधक दस्ते की मदद से जांच की तो कोई विस्फोटक नहीं मिला।
अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधान डाकघर परिसर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय के कर्मचारियों ने सूचना दी थी कि उन्हें उनके क्षेत्रीय कार्यायल की तरफ से एक ईमेल मिला है जिसमें बताया गया है कि स्थानीय प्रधान डाकघर परिसर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय में किसी ने बम रख दिया है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत परिसर खाली कराकर सघन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई नहीं दी।
सिंह ने बताया कि फिर भी एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते की टीम जांच कर रही है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि यह सूचना एक अफवाह साबित हुई है।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब