झालावाड़ में अवैध सूदखोरी का भंडाफोड़, 144 वाहन और 308 कृषि यंत्र जब्त

झालावाड़ में अवैध सूदखोरी का भंडाफोड़, 144 वाहन और 308 कृषि यंत्र जब्त

झालावाड़ में अवैध सूदखोरी का भंडाफोड़, 144 वाहन और 308 कृषि यंत्र जब्त
Modified Date: May 2, 2026 / 12:29 am IST
Published Date: May 2, 2026 12:29 am IST

जयपुर, एक मई (भाषा) राजस्थान पुलिस ने झालावाड़ जिले के डग कस्बे में अवैध सूदखोरी और आर्थिक शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्याजखोरी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार इस कार्रवाई में 144 वाहन और 308 कृषि यंत्र सहित मशीनरी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी सुनील गोयल के विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में गिरवी रखी संपत्तियां, वाहन, कृषि उपकरण, खाली हस्ताक्षरित चेक और स्टाम्प पेपर बरामद किए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि डग कस्बे में एक संगठित अवैध ब्याजखोरी नेटवर्क सक्रिय है, जो ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर कर्ज देकर उन्हें ब्लैकमेल करता है। इसके बाद थानाधिकारी भंवर सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के मकान, नव-निर्मित गोदाम और आजाद कॉलोनी स्थित कृषि फार्म पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को गिरवी रखे गए वाहनों और कृषि मशीनरी का बड़ा जखीरा मिला, जिसमें 70 ट्रैक्टर, 61 मोटरसाइकिल, सात कार, तीन पिकअप, एक ट्रक, दो टैंपो तथा 107 थ्रेसर मशीन और 29 ट्रॉली शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने 47 खाली हस्ताक्षरित स्टाम्प पेपर (जिनकी कुल राशि लगभग 5.01 करोड़ रुपये), 147 हस्ताक्षरित खाली बैंक चेक, 60 अन्य खाली चेक, 39 मकानों के पट्टे और नौ वाहनों की आरसी भी बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जरूरतमंद ग्रामीणों को कर्ज देकर उनसे पहले ही खाली चेक और स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवा लेता था। बाद में वह उन पर मनमानी राशि भरकर कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

आरोप है कि आरोपी बैंक से फाइनेंस कराए गए वाहनों को अपने कब्जे में रखकर छिपा देता था, ताकि बैंक और रिकवरी एजेंसियां उन तक न पहुंच सकें।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत


लेखक के बारे में