सरकारी अस्पतालों में सुधार दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Ads

सरकारी अस्पतालों में सुधार दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - October 11, 2025 / 10:12 PM IST,
    Updated On - October 11, 2025 / 10:12 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं को बढ़ाना और मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।

रेखा ने एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को शहर भर के सभी अस्पतालों में दवाओं, उपकरणों और बुनियादी ढांचे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के साथ आवश्यक दवाओं, उपकरणों, मानव संसाधन और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में निर्माण और मरम्मत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

रेखा ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में लगभग 90 प्रतिशत आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं और किसी भी संस्थान में ‘‘वेंटिलेटर की कोई कमी नहीं’’ है।

उन्होंने कहा, “जहां भी कोई कमी होगी, हम तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। दिल्ली की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने के लिए धन की कोई कमी नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रमुखों को किसी भी कमी की तुरंत सूचना देने का निर्देश दिया और स्वास्थ्य विभाग तथा लोक निर्माण विभाग को मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों में तेजी लाने के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी अस्पतालों से अगली समीक्षा बैठक से पहले दवा आपूर्ति, बुनियादी ढांचे और कर्मचारियों की उपलब्धता पर समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल