चंडीगढ़, छह जून (भाषा) पंजाब के अमृतसर में एक व्यक्ति ने संपत्ति हड़पने के लालच में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न के निवासी अपने भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सुनील शर्मा (66) पिछले महीने अमृतसर में स्थित अपनी संपत्ति बेचने के लिए भारत आए थे। आरोप है कि उन्हें खाने में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं, फिर बेसबॉल बैट से हमला करके उनकी हत्या कर दी गई और शव को हरिके फीडर नहर में फेंक दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शव की तलाश के लिए विशेष टीम तैनात की गई हैं।
कुछ दिन पहले सुनील की बेटी सुरभि शर्मा ने उन्हें खोजने में मदद के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भावुक अपील की थी, जिसके बाद घटना के बारे में पता चला।
सुनील पिछले महीने भारत आए थे और अपनी संपत्ति की बिक्री व रखरखाव के सिलसिले में अमृतसर गए थे। 22 मई को वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे।
मेलबर्न में गणित शिक्षक के रूप में कार्यरत सुनील के लापता होने की खबर ऑस्ट्रेलिया में भी चर्चा का विषय बन गई थी, जहां उनका परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि सुनील के भाई सतीश शर्मा ने कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलकर ‘फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी’ के जरिए उनकी संपत्तियां बेचने की साजिश रची थी।
मोहाली और अमृतसर में सुनील की दो संपत्तियां थीं।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सतीश, उसकी पत्नी और बेटा फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सतीश ने तीन प्रॉपर्टी डीलरों की मदद से सुनील की संपत्ति हड़पने की योजना बनाई और 16 मई को उन्हें अमृतसर बुलाया।
गिरफ्तार किए गए प्रॉपर्टी डीलर लक्ष्मण सिंह ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि सुनील को नशीला पदार्थ मिलाकर खाना खिलाया गया था और बेहोश होने के बाद सतीश ने बेसबॉल बैट से उनके सिर पर वार करके उनकी हत्या कर दी।
एसएसपी ने बताया कि सुनील की कार स्वर्ण मंदिर की पार्किंग में लावारिस हालत में मिली थी और वह इसी कार से मोहाली से अमृतसर आए थे।
पुलिस ने सतीश शर्मा के बैंक खाते में जमा 14 लाख रुपये निकालने पर रोक लगा दी है।
मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों मनजिंदर सिंह और जजबीर सिंह की तलाश जारी है।
कुछ दिन पहले सुनील की बेटी सुरभि ने कहा था, ‘मैं अपने पिता को वापस लाने के लिए मदद की अपील करती हूं। मेरे पिता 22 मई से अमृतसर से लापता हैं। हमें उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका फोन भी बंद है।’
भाषा जोहेब माधव
माधव