हरियाणा में शिशु मृत्यु दर घटकर प्रति 1,000 जीवित बच्चों पर 24 हुई

Ads

हरियाणा में शिशु मृत्यु दर घटकर प्रति 1,000 जीवित बच्चों पर 24 हुई

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 08:33 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 08:33 PM IST

चंडीगढ़, छह जून (भाषा) हरियाणा में पिछले पांच साल में शिशु मृत्यु दर प्रति 1,000 जीवित बच्चों पर 28 से घटकर 24 हो गई है। नमूना पंजीकरण प्रणाली (एसआरएस) रिपोर्ट-2024 से यह जानकारी सामने आई।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस उपलब्धि से हरियाणा राष्ट्रीय औसत के बराबर आ गया है और यह राज्यभर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार को दर्शाता है।

हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने बताया कि मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य देखभाल में लक्षित हस्तक्षेपों के माध्यम से राज्य प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों में लगातार सुधार कर रहा है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा का प्रदर्शन स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना और समुदाय आधारित स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर निवेश की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

मिश्रा ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि हरियाणा में शिशु मृत्यु दर में लगभग 14 प्रतिशत की कमी आई है।

बयान में बताया गया कि इसी अवधि में पंजाब की शिशु मृत्यु दर 18 से घटकर 16 हो गई, जो लगभग 11 प्रतिशत का सुधार है।

बयान के मुताबिक, ये आंकड़े दर्शाते हैं कि अधिक घनी आबादी वाले क्षेत्र में सेवाएं प्रदान करने से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद हरियाणा ने शिशु मृत्यु दर में तेजी से कमी दर्ज की है।

मिश्रा ने बताया कि संस्थागत प्रसव व्यवस्था में सुधार, नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना को मजबूत करने के कारण राज्य में नवजात एवं शिशु मृत्यु दर में लगातार गिरावट आई है।

उन्होंने बताया कि सरकार प्रसवपूर्व देखभाल सेवाओं में अधिक सुधार लाने, सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने और सरकारी अस्पतालों में नवजात गहन देखभाल सुविधाओं को उन्नत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष