अमरावती, छह जून (भाषा) जन सेना के लिंगमनेनी रमेश ने शनिवार को आंध्र प्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, रमेश ने कुछ जन सेना नेताओं के साथ विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी वनिता रानी को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
इसमें कहा गया है, ‘लिंगमनेनी रमेश ने राज्यसभा के लिए जन सेना पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।’
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने फैसला किया है कि तेलुगु देशम पार्टी राज्य की चार राज्यसभा सीट में से तीन पर चुनाव लड़ेगी, जबकि उसकी सहयोगी जन सेना शेष एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।
राज्य से जिन सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें ए. अयोध्या रामी रेड्डी, परिमल नथवानी, पी. सुभाष चंद्र बोस और एस. सतीश बाबू शामिल हैं।
रेड्डी, नथवानी और बोस, युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) से संबंधित हैं, जबकि बाबू सत्ताधारी तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) से हैं।
वर्तमान में वाईएसआरसीपी के पास राज्यसभा की सात सीट हैं, जबकि तेदेपा के पास दो सीट हैं। 18 जून को होने वाले चुनाव के बाद इसमें बदलाव की संभावना है।
विधानसभा में तेदेपा के पास 135 सीट हैं, उसके बाद जन सेना के पास 21 और भाजपा के पास आठ सीट हैं, जबकि वाईएसआरसीपी के पास केवल 11 सीट हैं।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप