बेंगलुरु, तीन जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. अंबुकुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों को आदेश दिया कि वे सभी बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए गणना प्रपत्र बांटने का निर्देश दें।
यह निर्देश इन शिकायतों के बाद आया है कि कुछ बीएलओ घर-घर नहीं जा रहे और इसके बजाय दफ्तरों या दूसरी जगहों से फॉर्म बांट रहे हैं।
अंबुकुमार ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों, दिशानिर्देशों और कार्यक्रम के अनुसार, कर्नाटक में 30 जून को मतदाताओं को गणना पत्र बांटने का काम शुरू हुआ। हालांकि, कुछ शिकायतें मिली हैं जिनमें आरोप लगाया गया है कि बीएलओ घर-घर नहीं जा रहे और दफ्तरों से फॉर्म बांट रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऊपर बताई गई शिकायतों को देखते हुए, आपको आदेश दिया जाता है कि आप सभी बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार गणना प्रपत्र बांटने के लिए घर-घर जाने के जरूरी निर्देश जारी करें और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के सभी पहलुओं के बारे में आयोग के निर्देशों और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।’
कर्नाटक में एसआईआर का घर-घर जाकर गिनती करने का चरण 30 जून को शुरू हुआ था और 29 जुलाई तक चलेगा।
जद (एस) नेता और केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने बृहस्पतिवार को राज्य में मतदाता सूचियों के एसआईआर में भारी गड़बड़ियों का आरोप लगाया।
भाषा वैभव अविनाश
अविनाश