कर्नाटक में सात सीटों पर एमएलसी चुनाव में कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने दो सीट जीतीं

Ads

कर्नाटक में सात सीटों पर एमएलसी चुनाव में कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने दो सीट जीतीं

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 07:58 PM IST

बेंगलुरु, 18 जून (भाषा) कर्नाटक में डी के शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली चुनावी लड़ाई में, सत्तारूढ़ कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को विधान परिषद की सात सीटों में से पांच पर जीत हासिल की, जबकि विपक्षी भाजपा ने दो सीट जीतीं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) दोनों ही दलों के विधायकों की ओर से ‘क्रॉस-वोटिंग’ की गई, क्योंकि कांग्रेस उम्मीदवारों को उम्मीद से ज्यादा वोट मिले।

कर्नाटक विधानसभा के सदस्यों ने विधान सौध में हुए चुनाव में मतदान किया। सात सीटों के चुनाव में आठ उम्मीदवार मैदान में थे।

चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कामकनूर, पी. वी. मोहन, बी. के. हरिप्रसाद (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), शिवन्ना बी एस, और विनय कार्तिक प्रकाश तथा भाजपा के लिंगराज पाटिल और रघु आर और जद (एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।

कांग्रेस के पांचों उम्मीदवारों और भाजपा के दोनों उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि जद(एस) के गोविंदराजू को हार का सामना करना पड़ा।

यह चुनाव कराने की इसलिए जरूरत पड़ी क्योंकि विधान परिषद के सात सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने वाला है। इनमें कांग्रेस के नसीर अहमद, टिप्पन्नाप्पा और बी. के. हरिप्रसाद, भाजपा के एन. नागराजू (एमटीबी), प्रताप एस. नायक के. और सुनील वल्लयापुर तथा जद (एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल