नई दिल्ली। आईआरसीटीसी घोटाला केस में पटियाला हाउस कोर्ट ने बिहार के पूर्व सीएम और राजद सुप्रीमो लालू यादव को बड़ी राहत दी। है। कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है। सुनवाई के दौरान लालू यादव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हाजिरी दी। इससे पहले इसी मामले में कोर्ट ने अक्टूबर में राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को जमानत दे दी थी।
अदालत ने सीबीआई की याचिका पर सुनवाई 19 जनवरी तक स्थगित कर दी है। कोर्ट ने कहा कि दस्तावेजों की जांच के लिए फिलहाल सुनवाई को स्थगित किया जा रहा है। इस दौरान बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव पटियाला हाउस कोर्ट मौजूद थे। मामले में आरोप है कि लालू के रेल मंत्री रहने के दौरान पुरी और रांची में रेलवे के दो होटलों का सब-लीज मेसर्स सुजाता होटल प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था, जिसमें आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने रेलमंत्री के आदेश पर अपने पदों का दुरूपयोग किया।
यह भी पढ़ें : आईसीसी टेस्ट रैंकिंग, कोहली अभी भी नंबर वन बल्लेबाज, बॉलर्स में शमी और बुमराह ने बढ़ाई अपनी पोजीशन
इससे पहले 6 अक्टूबर को पिछली सुनवाई में लालू के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान ना तो आरोपियों की रिमांड की मांग हुई और ना ही उनकी जमानत का विरोध हुआ।