नई टिहरी/उत्तरकाशी, 12 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में उत्तर प्रदेश की एक पर्यटक समेत तीन महिलाएं गंगा नदी के तेज बहाव में बह गयीं।
पुलिस ने बताया कि टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में जानकी पुल घाट पर उत्तर प्रदेश की एक महिला पर्यटक गंगा नदी के तेज बहाव में बह गयी।
टिहरी के अपर पुलिस अधीक्षक जेआर जोशी ने बताया कि महिला की पहचान बरेली जिले की रहने वाली चमेली देवी के रूप में की गयी है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची और नदी में महिला की तलाश में अभियान शुरू किया। हालांकि, अभी तक उसका कुछ पता नहीं चला है।
दूसरी घटना उत्तरकाशी जिले की डुंडा तहसील में नाकुरी शिव मंदिर के पास की है, जहां पानी भरने गयीं दो महिलाएं गंगा की सहायक नदी भागीरथी नदी के तेज प्रवाह की चपेट में आकर बह गयीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व और आपदा प्रबंधन की कई टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। अभियान के लिए जोशियाड़ा बैराज में नदी का पानी रोका गया है।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बचाव दलों को पूरी तत्परता और क्षमता के साथ खोज और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
नदी में बहीं महिलाओं की पहचान भाटूसेरा गांव की रहने वाली 34 वर्षीय राजेश्वरी देवी तथा 20 वर्षीय सोनम के रूप में हुई है।
भाषा सं दीप्ति
संतोष
संतोष