अरूणाचल प्रदेश में लगातार वर्षा होने से जगह-जगह भूस्खलन

Ads

अरूणाचल प्रदेश में लगातार वर्षा होने से जगह-जगह भूस्खलन

  •  
  • Publish Date - June 18, 2024 / 06:51 PM IST,
    Updated On - June 18, 2024 / 06:51 PM IST

ईटानगर, 18 जून (भाषा) अरूणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही वर्षा के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन हुआ है, फलस्वरूप जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है । अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह कारसिंगसा में एक पुलिया के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 415 का एक हिस्सा पानी की तेज धार में बह गया, इसके परिणामस्वरूप निरजुली और बंदेरदेवा के बीच सड़क संपर्क टूट गया।

उन्होंने बताया कि निरजुली और बंदेरदेवा के बीच का मार्ग बदल दिया गया है और वाहनों को अब गुमटो रोड के रास्ते भेजा जा रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा राज्य की राजधानी ईटानगर में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किये जाने के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर या निर्धारित राहत शिविरों में चले जाने की अपील की है।

डोईमुख-पोटिन सड़क तथा ईटानगर -युपिया मार्ग के कई हिस्सों पर जलभराव हो गया है।

अधिकारियों ने कहा कि राज्य की राजधानी के कई स्थानों से भूस्खलन की खबर है लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है।

राज्य में पिछले कई दिनों से वर्षा होने के कारण कई जिलों में भूस्खलन हुआ है, बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है तथा कई नदियां उफान पर हैं।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन