नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार के नालंदा में एक महिला के साथ सरेआम छेड़छाड़ कर उसे सड़क पर घुमाने का विषय बृहस्पतिवार को लोकसभा में उठाया और कहा कि इस मामले की त्वरित सुनवाई हो ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले।
बिहार के पूर्णिया से लोकसभा सदस्य ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह विषय उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार बेटियों का शोषण किया जा रहा है।
यादव ने दावा किया, ‘‘मणिपुर की तरह बिहार के नालंदा में घटना घटी…कई जगहों पर बच्चियों के बलात्कार की घटनाएं हुई हैं….नीट की तैयारी करने वाली बेटी के साथ जो घटना हुई, उसमें किसी को सजा नहीं हुई।’’
उन्होंने मांग की कि दोनों मामलों में त्वरित सुनवाई होनी चाहिए तथा दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।
बिहार के नालंदा जिले में एक महिला के साथ सरेआम छेड़छाड़ कर उसे सड़क पर घुमाने के मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना का एक कथित वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। यह घटना कुछ दिन पहले नालंदा के नूरसराय क्षेत्र में हुई थी।
समाजवादी पार्टी के सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने शून्यकाल में कहा कि सरकार और निर्वाचन आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव और ग्राम पंचायत के चुनाव में एक ही मतदाता सूची हो।
शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल और कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पंजाब में गुरुग्रंथ साहिब की कथित बेदअबी की घटनाओं का विषय उठाया।
राजा वडिंग ने कहा कि 2015 में पंजाब में तत्कालीन अकाली दल सरकार के समय एक गुरुद्वारे से गुरुग्रंथ साहिब की चोरी की गई, बेअदबी की गई और सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
वहीं, हरसिमरत ने दावा किया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों में राज्य में 600 से अधिक बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बहुत कम मामलों में सजा हुई।
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब में गैंगस्टर और आतंकवादियों के कथित गठजोड़ का विषय उठाया और कहा कि केंद्र को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
भाषा हक हक वैभव
वैभव