(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश के राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली में नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं का समर्थन मांगा।
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने कहा कि अब्दुल्ला ने यहां विपक्षी ‘इंडिया’ (नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन की बैठक के दौरान घटक दलों को आंदोलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
नेकां ने कहा कि अब्दुल्ला ने ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में यह मुद्दा उठाया और नेताओं को राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी।
पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ में कहा, ‘‘आज हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी प्रतिभागियों से कहा कि जब हम राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने आएंगे तो वे नेकां की इस मुहिम में शामिल हों। उन्होंने यह भी बताया कि हम उनमें से प्रत्येक को व्यक्तिगत रूप से पत्र भी लिखेंगे।’’
नेकां ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि उसका विधायक दल आगामी मानसून सत्र के पहले दिन नयी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगा और जम्मू-कश्मीर के लिए तत्काल राज्य का दर्जा बहाल करने और संवैधानिक गारंटी की मांग करेगा।
यह मुद्दा अगस्त 2019 में जम्मू और कश्मीर के पुनर्गठन से संबंधित है, जब पूर्ववर्ती राज्य को विभाजित कर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दो केंद्र शासित प्रदेश का गठन किया गया था।
भाषा धीरज संतोष
संतोष