नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में गैस भंडारण केंद्रों पर ताजा हमलों से पैदा चिंताओं के बीच भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऐसे हमले ‘अस्वीकार्य हैं और इन्हें रोका जाना चाहिए।’
वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक और अपने मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम से बात की तथा उनके साथ पश्चिम एशिया में स्थिति पर चर्चा की।
जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद, मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में ऊर्जा अवसंरचना पर हमले ‘‘निंदनीय हैं और इनसे अनावश्यक रूप से तनाव बढ़ सकता है’’।
भारत ने इन हमलों को अंत्यंत परेशान करने वाला बताया और कहा कि ये पहले से ही अनिश्चितता से गुजर रहे वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र को और अधिक अस्थिर करेंगे।
ईरान ने अपने साउथ पार्स गैस क्षेत्रों पर इजराइल के हमलों के जवाब में रास लाफान में कतर के एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) केंद्र सहित पश्चिम एशिया के कई ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘भारत ने इससे पहले पूरे क्षेत्र में नागरिक बुनियादी ढांचे, जिसमें ऊर्जा बुनियादी ढांचा भी शामिल है, को निशाना बनाने से बचने का आह्वान किया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हालिया हमले अत्यंत परेशान करने वाले हैं और पहले से ही अनिश्चितता से गुजर रहे वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र को और अधिक अस्थिर ही करेंगे।’’
जायसवाल ने कहा, ‘‘ऐसे हमले अस्वीकार्य हैं और इन्हें रोका जाना चाहिए।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति, ओमान के सुल्तान और मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ टेलीफोन पर हुई अलग-अलग बातचीत में, होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से पश्चिम एशिया की स्थिति पर, और तनाव कम करने की तत्काल आवश्यकता के साथ-साथ संवाद और कूटनीति की ओर लौटने के बारे में बात की। हम क्षेत्र और उससे परे शांति व स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने घनिष्ठ समन्वय को जारी रखने को उत्सुक हैं।’’
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने ‘‘अपने भाई सुल्तान हैथम बिन तारिक के साथ सार्थक बातचीत की और ओमान के लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘हम (क्षेत्र में) तनाव कम करने और उसके बाद शांति व स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर सहमत हुए।’’
प्रधानमंत्री ने ओमान की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की भारत द्वारा की गई निंदा को दोहराया और भारतीय नागरिकों सहित हजारों लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
पश्चिम एशिया की स्थिति पर मैक्रों के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद मोदी ने कहा कि ‘‘तनाव कम करने के साथ-साथ संवाद और कूटनीति की ओर लौटने की तत्काल आवश्यकता है’’।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस क्षेत्र और उससे परे शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने घनिष्ठ समन्वय को जारी रखने के लिए तत्पर हैं।’’
मैक्रों ने कहा कि भारत और फ्रांस ‘‘क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति के लिए हमारे प्रयासों के केंद्र में कूटनीति को बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं’’।
इब्राहिम के साथ बातचीत के बाद मोदी ने कहा, ‘‘हमने पश्चिम एशिया में बेहद चिंताजनक स्थिति पर भी चर्चा की और संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने और शांति व स्थिरता की शीघ्र बहाली के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
देवेंद्र