‘इंडिया’ गठबंधन की बुधवार को बैठक, निर्वाचन आयोग के मुद्दे पर तय होगी आगे की रणनीति

Ads

‘इंडिया’ गठबंधन की बुधवार को बैठक, निर्वाचन आयोग के मुद्दे पर तय होगी आगे की रणनीति

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 08:08 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख नेता बुधवार को यहां बैठक करेंगे, जिसमें निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ संयुक्त अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

निर्वाचन आयोग से जुड़े विवाद के बीच विपक्षी गठबंधन इस विषय पर एकजुट होने का प्रयास कर रहा है।

सूत्रों ने बताया कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने संबंधी प्रस्ताव के नोटिस का मसौदा तैयार है और बैठक में इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस तरह का तीसरा प्रयास है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल, ममता तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी तथा समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उबाठा) समेत विभिन्न दलों के नेता बैठक में हिस्सा लेंगे।

वहीं, द्रमुक और आम आदमी पार्टी (आप) ने स्पष्ट कर दिया है कि वे बैठक में शामिल नहीं होंगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन संबंधी व्यस्तताओं के कारण बैठक में शामिल नहीं होंगे और अपने प्रतिनिधियों को भेजेंगे।

‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बारे में कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘कल इंडिया गठबंधन की बैठक है। कांग्रेस देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी राजनीतिक दलों की मदद से बड़े पैमाने पर आंदोलन करना चाहती है। कल इंडिया गठबंधन के नेताओं से महत्वपूर्ण सुझाव मिलेंगे और उसके बाद हम भविष्य के आंदोलन के लिए स्पष्ट कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे।’’

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम इंडिया गठबंधन के आंदोलन के कार्यक्रम और कांग्रेस के कार्यक्रम के बीच समन्वय करेंगे।’’

अखिलेश यादव के बैठक में शामिल नहीं होने के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘मैंने अखिलेश यादव से बात की है, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उनसे बात की है। उन्हें राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़े काम देखने हैं, लेकिन उनकी पार्टी के नेता बैठक में शामिल हो रहे हैं।’’

विपक्ष द्वारा केंद्र की मोदी सरकार को घेरने के प्रयासों में द्रमुक और आप जैसे दलों को साथ लाने की कोशिश किए जाने के सवाल पर वेणुगोपाल ने कहा कि इस तरह के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘द्रमुक इंडिया गठबंधन का बहुत अहम हिस्सा रहा है। हमारा अब भी मानना है कि वे सभी लोकतंत्र पर इस तरह के हमले के खिलाफ हैं। यही हमारी सोच है, देखते हैं।’’

द्रमुक प्रवक्ता टी. के. एस. एलंगोवन ने ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बारे में कहा, ‘‘वैचारिक रूप से हम सभी साथ हैं। हो सकता है कि हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। यह अलग बात है। लेकिन संसद में जो भी ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव लाएगा, हम उसका समर्थन करेंगे… हमारे नेता ने एक बयान जारी किया है। कई मुद्दों पर जहां अन्य विपक्षी दल भाजपा का विरोध करते हैं, हम भी उनके साथ खड़े होंगे। इसका मतलब यह नहीं है कि हम साथ हैं। हम ‘इंडिया’ गठबंधन में नहीं हैं।’’

भाषा हक नरेश

नरेश