भारतीय सेना ने किशनगंगा नदी में फंसे नागरिकों को बचाया
भारतीय सेना ने किशनगंगा नदी में फंसे नागरिकों को बचाया
श्रीनगर, दो जून (भाषा) भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा के गुरेज क्षेत्र में तेज बहाव के कारण किशनगंगा नदी फंसे नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, उत्तर कश्मीर की गुरेज घाटी के चकवाली क्षेत्र में सोमवार रात तेज बहाव के कारण वाहन फंस जाने से कई नागरिक अपने वाहनों में ही फंस गए थे।
किशनगंगा नदी भारतीय हिस्से में पड़ने वाले कश्मीर से होकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बहती है, जहां इसे नीलम नदी के नाम से जाना जाता है।
कश्मीर घाटी में जारी भीषण गर्मी के बीच, नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित गुरेज घाटी में पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। सैलानी तपती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रात के समय हुई, जब जलस्तर बढ़ने और कठिन परिस्थितियों के बीच कई लोग नदी में फंस गए। सूचना मिलने पर सेना के जवानों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और फंसे हुए नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षित निकाले गए लोगों को कंबल और अन्य आवश्यक सहायता सहित तुरंत राहत प्रदान की गई।
सुरक्षित निकाले गए नागरिकों में से एक ने बताया, ‘‘हम नदी में फंस गए थे, तभी सेना के जवान आए और उन्होंने हमें सुरक्षित बाहर निकाला।’’
एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा कि बचाव अभियान के दौरान सैनिकों ने उनकी हर संभव मदद की।
भाषा प्रचेता आशीष
आशीष

Facebook


