कला एवं संस्कृति के लिहाज से महत्वपूर्ण कार्यक्रम है भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: जावड़ेकर

Ads

कला एवं संस्कृति के लिहाज से महत्वपूर्ण कार्यक्रम है भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: जावड़ेकर

  •  
  • Publish Date - January 16, 2021 / 08:08 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:14 PM IST

पणजी, 16 जनवरी (भाषा) केन्द्रीय सूचना एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) देश की कला एवं संस्कृति के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जावड़ेकर शनिवार से शुरू होने जा रहे महोत्सव के 51वें संस्करण में हिस्सा लेने के लिये गोवा की राजधानी पणजी में हैं।

समारोह का आयोजन यहां डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में किया गया है। पहली बार ”हाइब्रिड मोड” से महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें डिजिटल माध्यम से हिस्सा लेकर प्रतिभागी फिल्म देख सकेंगे।

केन्द्रीय मंत्री जावड़ेकर ने कहा कि भौतिक दूरी से संबंधित कोरोना वायरस दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

मंत्री ने कहा, ”कला एवं संस्कृति के लिहाज से इफ्फी एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। कोरोना वायरस महामारी के बावजूद सात सिनेमाघरों में दुनियाभर की 224 फिल्में दिखाई जाएंगी। सभी जगह भौतिक दूरी, मास्क तथा सैनिटाइजर के इस्तेमाल जैसे नियमों का पालन किया जाएगा। ”

जावड़ेकर ने कहा, ”महोत्सव हाईब्रिड मोड में आयोजित किया गया है, लिहाजा फिल्में ऑनलाइन माध्यमों से भी उपलब्ध रहेंगी।”

हाईब्रिड मोड के तहत सिनेमाघरों में बैठकर तथा ऑनलाइन माध्यमों दोनों तरीकों से फिल्में देखी जा सकेंगी।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश