ईटानगर, दो सितंबर (भाषा) भारत की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो 10 अक्टूबर से ईटानगर से कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई संपर्क का विस्तार करने जा रही है। इसके तहत दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद समेत कई शहरों के लिए उड़ान सेवाएं प्रस्तावित हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इन नई सेवाओं से अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के यात्रियों की देश के प्रमुख महानगरों और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंच आसान होगी।
गुवाहाटी के रास्ते हवाई संपर्क बढ़ाने की योजना में चेन्नई, हैदराबाद, भुवनेश्वर, लखनऊ, जयपुर और अहमदाबाद जैसे शहरों को भी शामिल किया गया है।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य शहर को भी इस प्रस्ताव में शामिल किया गया है, हालांकि उसका अंतिम चयन अभी नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित हवाई सेवाओं के विस्तार से राज्य में पर्यटन, व्यापार, निवेश और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश