देश में असमानता बढ़ रही, जीएसटी में अमीरों की हिस्सेदारी केवल चार प्रतिशत: कांग्रेस सांसद

Ads

देश में असमानता बढ़ रही, जीएसटी में अमीरों की हिस्सेदारी केवल चार प्रतिशत: कांग्रेस सांसद

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 03:58 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 03:58 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) कांग्रेस के एक सांसद ने देश में आर्थिक असमानता बढ़ने का दावा करते हुए मंगलवार को लोकसभा में कहा कि इस समस्या का समाधान करने के लिए वित्त विधेयक में कोई प्रावधान नहीं किया गया है।

कांग्रेस के नामदेव किरसन ने वित्त विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि देश की एक प्रतिशत आबादी के पास 40 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि सबसे निचले तबके के 50 प्रतिशत लोगों के पास तीन से छह प्रतिशत संपत्ति है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि 10 प्रतिशत पूंजीपतियों के पास देश की 70 प्रतिशत संपत्ति है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह असमानता बढ़ती जा रही है। वित्त विधेयक में इसे कम करने को कोई प्रावधान नहीं किया गया है।’’

कांग्रेस सांसद ने कहा कि 64 प्रतिशत जीएसटी (माल एवं सेवा कर) देश के गरीबों, 50 प्रतिशत लोगों से वसूल की जा रही है, जबकि आबादी में 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखने वाले अमीर लोगों का योगदान केवल चार प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि इस ‘प्रतिगामी’ कर प्रणाली में बदलाव करने की जरूरत है।

कांग्रेस के ही गुरमीत सिंह औजला ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में वह (भाजपा) कहती थी कि रुपया ‘वेंटिलेटर’ पर चला गया है, लेकिन अब अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 95 के स्तर तक पहुंच गया है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में बहुत से स्कूल बंद कर दिये गए हैं, शिक्षा के लिए बहुत कम बजट है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘मीडिया विश्व गुरु तो बना सकता है, लेकिन हमारे बच्चे किसी का मुकाबला नहीं कर पाएंगे।’’

औजला ने पश्चिम एशिया संकट के कारण देश में महंगाई बढ़ने की आशंका जताई और भाजपा नीत सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘महंगाई से लड़ें लोग, चीन से लड़े सेना, पाकिस्तान से लड़े मीडिया, कोरोना से लड़े जनता, तो भाजपा क्या सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए है?’’

भाषा सुभाष वैभव

वैभव