हैदराबाद, 27 सितंबर (भाषा) केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भाजपा और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर की गई आलोचना पर रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता को भाजपा को दोष देने की बजाय अपनी पार्टी की चुनावी हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
किशन रेड्डी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बिना किसी ठोस राजनीतिक समझ के बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता को निर्वाचन आयोग तभी भरोसेमंद लगता है जब कांग्रेस जीतती है और जब उनकी पार्टी हारती है तो उन्हें ऐसा नहीं लगता।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग के बीच राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने निर्वाचन आयोग के प्रमुख को भारत के चुनावों में ‘मैच-फिक्सिंग’ का प्रभारी बनाया है।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में किशन रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने कहा था कि एसआईआर उनकी पार्टी के लिए केरलम में मददगार रहा, क्योंकि इस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में शामिल फर्जी मतदाताओं को हटाया गया था।
गांधी की इस टिप्पणी का जिक्र करते हुए कि भाजपा बार-बार चुनाव जीत रही है, उन्होंने कहा कि भाजपा अपने विकास कार्यक्रमों और लोगों तक पहुंच के कारण सफल हो रही है।
रेड्डी ने कहा कि भाजपा ने देश को स्थिर सरकार दी, जबकि पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में प्रधानमंत्री ‘रिमोट कंट्रोल’ से संचालित होते थे।
किशन रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस को इस बात पर आत्ममंथन करना चाहिए कि वह 1989 से उत्तर प्रदेश, 1990 से बिहार, 1977 से पश्चिम बंगाल, 1998 से गुजरात और 2009 से आंध्र प्रदेश में सत्ता से बाहर क्यों है।
उन्होंने कहा, ‘अगर कांग्रेस आत्ममंथन किए बिना यह कहती है कि भाजपा बार-बार क्यों जीत रही है और सत्ता विरोधी लहर क्यों नहीं है, तो इसका जवाब कोई नहीं दे सकता।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश