उप्र: निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन सोमवार को

Ads

उप्र: निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन सोमवार को

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 09:06 PM IST

लखनऊ, 27 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों के बीच सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को यहां विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने के अवसर पर कहा कि पार्टी आलाकमान के निर्देश पर प्रदेश में सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को लोकतंत्र की रक्षा और आम जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने आम जनता के मताधिकार की रक्षा करने के बजाय सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का काम किया।

पार्टी के प्रांतीय प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि सोमवार को होने वाले प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले भी जलाए जाएंगे।

इस अवसर पर पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री इजहार उल हक और आगरा विश्वविद्यालय के समाजवादी पार्टी छात्रसभा के नेता मदन मोहन शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

गौतम और अजय राय ने पार्टी में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इनके आने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र