राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी, कुछ इलाकों को राहत की उम्मीद

राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी, कुछ इलाकों को राहत की उम्मीद

राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी, कुछ इलाकों को राहत की उम्मीद
Modified Date: November 29, 2022 / 08:43 pm IST
Published Date: June 11, 2022 9:44 pm IST

जयपुर, 11 जून (भाषा) राजस्थान में तेज गर्मी का दौर शनिवार को भी जारी रहा और प्रदेश में धौलपुर सबसे गर्म स्थान रहा जहां का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में रविवार को हल्की बारिश का अनुमान लगाया है जबकि बीकानेर संभाग अभी लू की चपेट में रहेगा।

मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को अलवर, करौली, चुरू और गंगानगर में अधिकतम तापमान क्रमश: 45.8, 45.5, 44.9 और 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अन्य स्थानों पर दिन का तापमान 44 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरी भागों में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं लू चलने की प्रबल संभावना है। हालांकि दक्षिणी भागों में आगामी दिनों में आंधी-बारिश से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने का अनुमान है ।

इसके अनुसार राज्य के जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के जिलों में भी 12-13 जून को कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश तथा तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।

इसी तरह जोधपुर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी 12-13 जून को कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने एवं आंधी चलने की संभावना है। बीकानेर संभाग के अधिकांश स्थानों पर मौसम आगामी दिनों में मुख्यतः शुष्क बने रहने की संभावना है हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों में दोपहर बाद कहीं-कहीं आंधी आने की संभावना है।

भाषा पृथ्वी

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में