आईजीआई हवाइअड्डे का कर्मचारी बनकर महिला से तीन लाख रुपये ठगने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

आईजीआई हवाइअड्डे का कर्मचारी बनकर महिला से तीन लाख रुपये ठगने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

आईजीआई हवाइअड्डे का कर्मचारी बनकर महिला से तीन लाख रुपये ठगने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: August 8, 2026 / 03:49 pm IST
Published Date: August 8, 2026 3:49 pm IST

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे का कथित कर्मचारी बनकर एक महिला से तीन लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में 32 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी ने महिला के बेटे को चालक दल के सदस्य (केबिन क्रू) की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी राजीव कुमार को छह अगस्त को मधु विहार इलाके से गिरफ्तार किया गया। इस इलाके की एक खुदरा दुकान में वह सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था।

उसने बताया कि महिला जुलाई 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी के संपर्क में आई थी, जिसने खुद को हवाई अड्डे का कर्मचारी बताकर उसके 20 वर्षीय बेटे को नौकरी दिलाने की पेशकश की थी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने अलग-अलग बहाने से पैसे मांगे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला ने 17 सितंबर से 26 दिसंबर 2024 के बीच यूपीआई के माध्यम से 16 बार लेनदेन के जरिए आरोपी को 3.03 लाख रुपये स्थानांतरित किए।’’

इसके बाद आरोपी नौकरी दिलाने में विफल रहा और उसने महिला से बातचीत करना बंद कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नौकरी के इच्छुक लोगों का भरोसा जीतकर उनसे पैसे ठगने के लिए उसने जानबूझकर खुद को हवाई अड्डे का कर्मचारी बताया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपराध के अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए गए सिम को नष्ट कर दिया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और ठगी गई रकम से जुड़े बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में