ओडिशा में अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
ओडिशा में अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
भुवनेश्वर, सात सितंबर (भाषा) ओडिशा के भुवनेश्वर में रविवार को एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ कर दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अपराध से प्राप्त धनराशि के बंटवारे को लेकर गिरोह के सदस्यों के बीच मतभेद के कारण अपहरण की घटना हुई, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
इसने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान भागबन साहू (21), अमितारानी राउत (50), उसके बेटे चिरंजीव और बेटी आकांक्षा (दोनों 21) और बिहार के नालंदा निवासी समीर कुमार भुवे (35) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जगमोहन मीणा ने बताया कि गिरोह का षडयंत्रकर्ता भुवे, विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी के लिए अमितारानी के तीन बैंक खातों का संचालन करता था और इसके बदले में उसे 1.4 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले प्रयागराज में एक बैठक में यह सौदा तय हुआ था और तब से अब तक तीनों खातों में 9.5 करोड़ रुपये का लेन-देन हो चुका है।
मीणा ने कहा, ‘‘उनके बीच कुछ वित्तीय विवाद होने के बाद, ओडिशा के चार आरोपियों ने भुवे को भुवनेश्वर बुलाया। वह पांच सितंबर को यहां आया और चंदका के एक होटल में ठहरा। चारों ने कल रात होटल से उसका अपहरण करने की कथित तौर पर कोशिश की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘होटल कर्मचारियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों को हिरासत में ले लिया।’’
उन्होंने कहा कि सबसे पहले, भुवे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि चार लोगों ने चाकू की नोक पर उसका अपहरण करने की कोशिश की और उसकी रिहाई के लिए 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
उधर, अमितारानी ने भुवे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें सौर पैनल लगाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि वे सभी साइबर धोखाधड़ी में शामिल थे।
डीसीपी ने कहा, ‘‘हम उन सभी पुलिस थानों को सूचित करेंगे जहां गिरोह ने लोगों के साथ ठगी की है।’’
भाषा देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


