अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का सरगना तीन साल तक फरार रहने के बाद ओडिशा में गिरफ्तार

Ads

अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का सरगना तीन साल तक फरार रहने के बाद ओडिशा में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 08:58 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 08:58 PM IST

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के कुख्यात सरगाना को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ओडिशा निवासी आरोपी मनोज खिल्लो को 2022 में दिल्ली के अपराध शाखा थाने में दर्ज मादक पदार्थ के एक मामले में भगोड़ा घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी में सहायक जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई थी।

अधिकारी ने बताया कि खिल्लो को 13 फरवरी को शाम करीब 5:20 बजे उसके पैतृक गांव के पास से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, विशेष प्रकोष्ठ को पुख्ता जानकारी मिली कि तीन साल से अधिक समय से फरार खिल्लो ओडिशा से दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों में मादक पदार्थों की आपूर्ति में सक्रिय रूप से शामिल है।

अधिकारी ने कहा, ‘एक टीम ने गुप्त रूप से तीन महीने से अधिक समय तक उसकी गतिविधियों पर नज़र रखी। ओडिशा में विभिन्न स्थानों पर कई टीमें भेजी गईं। उसके गांव में उसकी मौजूदगी के बारे में पुख्ता जानकारी हासिल करने के बाद, उसे पकड़ लिया गया।’

पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ दिल्ली और ओडिशा में शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस कानून, आबकारी अधिनियम और अन्य अपराधों के तहत छह से अधिक मामले दर्ज हैं।

भाषा नोमान माधव

माधव