दिल्ली में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ नेटवर्क का भंडाफोड़, 45 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त
दिल्ली में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ नेटवर्क का भंडाफोड़, 45 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त
नयी दिल्ली, 29 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया और एक किशोर को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों में 3.5 किलोग्राम अल्प्राजोलम टैबलेट शामिल हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि 1.7 किलोग्राम ट्रामाडोल टैबलेट और कैप्सूल की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
उन्होंने कहा, “यह अभियान 17 मार्च को उत्तर-पूर्व दिल्ली में मादक पदार्थों की खेप की आवाजाही संबंधी सूचना मिलने के बाद शुरू हुआ। सूचना के आधार पर टीम ने जोहरीपुर रोड स्थित शिव विहार तिराहे के पास जाल बिछाया।”
अधिकारी ने बताया कि इस मामले में नितिन पाठक (20) को गिरफ्तार किया गया है । उन्होंने बताया कि उसके पास से 11,900 अल्प्राजोलम टैबलेट (1.91 किलोग्राम) और 825 ट्रामाडोल टैबलेट (0.49 किलोग्राम) बरामद किए गए और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पूछताछ के दौरान पाठक ने अपने साथियों के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर उत्तर प्रदेश और दिल्ली में आगे की कार्रवाई की गई।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उत्तर प्रदेश के भोपुरा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया, जो सह-आरोपी प्रेम सिंह यादव (30) का था, जहां से 2,250 ट्रामाडोल कैप्सूल (1.218 किलोग्राम) बरामद किए गए। उसे 19 मार्च को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आगे की जांच में 21 मार्च को लक्ष्मी नगर से 45 वर्षीय शालू कुमार को गिरफ्तार किया गया, जिसके घर से 11,955 अल्प्राजोलम टैबलेट (1.627 किलोग्राम) बरामद की गईं।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर 23 मार्च को एक अन्य आरोपी संजय सिंह (36) को भी गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा, “आरोपी बिना वैध दस्तावेजों के पर्चे वाली दवाओं की अवैध खरीद और आपूर्ति करने वाले एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा थे।”
पुलिस के अनुसार, बीएससी स्नातक और पूर्व मेडिकल प्रतिनिधि रहे नितिन पाठक ने इन दवाओं की अधिक मांग का पता चलने के बाद कथित तौर पर इस अवैध धंधे का संचालन शुरू किया था।
भाषा राखी रंजन
रंजन

Facebook


