मादक पदार्थ तस्करी के अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, डेढ़ करोड़ रु का गांजा जब्त

मादक पदार्थ तस्करी के अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, डेढ़ करोड़ रु का गांजा जब्त

मादक पदार्थ तस्करी के अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, डेढ़ करोड़ रु का गांजा जब्त
Modified Date: June 25, 2026 / 05:13 pm IST
Published Date: June 25, 2026 5:13 pm IST

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अंतर-राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपये कीमत का 183 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस गांजे को एक ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त स्थान पर छुपा कर रखा गया था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में गिरोह के कथित सरगना समेत तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है।

पुलिस को 13 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक गांजे की एक बड़ी खेप मुंबई एक्सप्रेसवे के ज़रिए उत्तर प्रदेश से दिल्ली ले जा रहा है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस जानकारी के आधार पर एक टीम बनाई गई और उसे कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास तैनात किया गया तथा देर रात करीब दो बजे कालिंदी कुंज-मदनपुर खादर रोड पर ट्रक को रोका गया।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान चालक के केबिन के ऊपर खास तौर पर बनाया गया एक गुप्त स्थान मिला, जिसमें एक छिपे हुए दरवाज़े के ज़रिए पहुंचा जा सकता था।

पुलिस ने उस गुप्त केबिन से भूरे रंग के टेप में लिपटे हुए गांजे के 38 पैकेट बरामद किए।

उनके मुताबिक, ट्रक में सवार दो लोगों सुबोध कुमार मिश्रा (40) और बृज किशोर तिवारी (36) को गिरफ़्तार कर लिया गया। दोनों बिहार के रहने वाले हैं।

पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने बताया कि वे एक ऐसे गिरोह का हिस्सा हैं जो ओडिशा और आंध्र प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर और आस-पास के इलाकों में बड़ी मात्रा में गांजा पहुंचाता था।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि यह खेप श्रीराम के कहने पर ले जाई जा रही थी। श्रीराम ट्रक का मालिक और इस गिरोह का कथित सरगना है और उसे बाद में उत्तर प्रदेश के अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में