दिल्ली में अंतरराजीय मादक पदार्थ गिरोह के आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़, दो पकड़े गए

दिल्ली में अंतरराजीय मादक पदार्थ गिरोह के आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़, दो पकड़े गए

दिल्ली में अंतरराजीय मादक पदार्थ गिरोह के आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़, दो पकड़े गए
Modified Date: March 7, 2026 / 04:24 pm IST
Published Date: March 7, 2026 4:24 pm IST

नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है तथा अवैध बाजार में दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान मोती नगर निवासी सार्थक त्यागी (30) और अशोक विहार निवासी कुलप्रीत सिंह उर्फ ​​सनी (29) के रूप में हुई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी की गतिविधियों के बारे में मिली विशेष खुफिया जानकारी के बाद चलाया गया। सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने 21 फरवरी को मोती नगर में त्यागी के आवास पर छापा मारा और उसे परिसर की पहली मंजिल स्थित उसके कमरे से पकड़ लिया।‘‘

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान टीम ने विभिन्न प्रकार के स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) बरामद किए। बरामद किए गए मादक पदार्थों में 1.016 किलोग्राम गांजा, 1.112 किलोग्राम चरस, 17 ग्राम एमडीएमए, एक ग्राम नशे की गोलियां और चार ग्राम साइकेडेलिक मशरूम (मादक पदार्थ) शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान त्यागी ने खुलासा किया कि वह एक अंतरराज्यीय आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से मादक पदार्थों को प्राप्त करने और उसे वितरित करने का काम करता था।

पुलिस ने पूछताछ के आधार पर कुलप्रीत सिंह की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सिंह के इस नेटवर्क के आपूर्तिकर्ताओं में से एक होने का संदेह है।

इस संबंध में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और आपूर्ति शृंखला के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने कहा कि त्यागी पहले से मोती नगर थाने में दर्ज हत्या के प्रयास समेत दो मामलों में संलिप्त रहा है।

उन्होंने बताया कि कुलप्रीत सिंह की मंडी में एक एनडीपीएस मामले में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में