अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह का सदस्य संयुक्त अरब अमीरात से लौटते समय गिरफ्तार: सीबीआई
अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह का सदस्य संयुक्त अरब अमीरात से लौटते समय गिरफ्तार: सीबीआई
नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) जापानी नागरिकों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लौटते समय गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नोएडा में उसके अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था, जिसके बाद वह संयुक्त अरब अमीरात भाग गया था।
उन्होंने बताया कि द्विबेंदु मोहराणा को भारत लौटते समय भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर रोक लिया गया।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि 28 मई को दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 19 स्थानों पर की गई समन्वित तलाशी के दौरान उनका नाम सामने आया था, जिसके बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि नोएडा स्थित अपने कॉल सेंटर का खुलासा होने के अगले ही दिन मोहराणा भुवनेश्वर से संयुक्त अरब अमीरात भाग गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि जांच में पता चला कि मोहराणा एक अवैध कॉल सेंटर चला रहा था। इसमें जापानी लोगों को झूठे बहाने से धन हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया जाता था।
मोहराणा को ट्रांजिट वारंट पर दिल्ली लाया गया और एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए तीन दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने अब तक इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है और सभी के खिलाफ आरोप-पत्र दायर किया है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


