दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 07:17 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 07:17 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित एक मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ कर 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य का आयातित ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद किया है तथा इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने इस गिरोह के थाईलैंड से जुड़े होने का संदेह जताया है।

एक अधिकारी ने बताया कि 14 अप्रैल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज गेट के पास जाल बिछाया।

उन्होंने बताया कि सुबह करीब चार बजकर 10 मिनट पर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों और स्कूटर पर सवार एक तीसरे व्यक्ति को उस समय रोका गया, जब वे नकदी के बदले कथित तौर पर प्रतिबंधित वस्तुओं का एक पैकेट आदान-प्रदान कर रहे थे।

अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान फैजान रिजवी (24), रियाजुद्दीन (44) और नदीम बेग (42) के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके पास से दो पैकेट में रखा 1,030.5 ग्राम आयातित हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। इसके अलावा मादक पदार्थ खरीदने के लिए रखी गई चार लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि यह खेप थाईलैंड से मंगवाई गई थी और एक बड़े गिरोह का हिस्सा थी, जिसे मुजफ्फरनगर का एक व्यक्ति संचालित कर रहा है, जो फिलहाल बैंकॉक में रह रहा है।”

पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

भाषा प्रचेता/शुभम सुरेश

सुरेश